जम्मू। चिनाब से पानी लिफ्ट कर जम्मू शहर को मुहैया कराने की योजना फंड नहीं मिलने पर अटक गई है। पिछले 12 वर्षों में दो बार योजना बनी, लेकिन दोनों बार इसे अमली जामा नहीं पहनाया जा सका।
जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने विधायक शाम लाल शर्मा के पूछे गए सवाल के जवाब में सदन को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में 200 क्यूसेक पेयजल उठाने के लिए 885 करोड़ रुपये की योजना तैयार हुई थी। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से इसके लिए फंड नहीं मिल सका, इसलिए योजना आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं, दूसरी बार अगस्त 2022 में 1276 करोड़ रुपये का संशोधित अनुमान फिर से तैयार किया गया था। हालांकि तब भी फंडिंग एजेंसी की अनुपलब्धता के कारण इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका।
योजना अहम थी...इसका काम शुरू होना चाहिए : शाम लाल
मंत्री के जवाब पर विधायक शाम लाल शर्मा ने कहा कि जम्मू शहर में 50 लाख गैलन से अधिक पानी की आवश्यकता है। ऐसे में ये योजना काफी महत्वपूर्ण थी। लिहाजा इसकी तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए। जल्द से जल्द इसका काम शुरू होना चाहिए। क्योंकि, खुद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पानी की समस्या को लेकर चिंतित दिखते हैं। इसका जिक्र करते हैं। ब्यूरो