जम्मू। अनियोजित शहरी विस्तार को रोकने के लिए प्रदेश में नौ सेटेलाइट टाउनशिप बनेंगी। इसके लिए 1298.28 कनाल भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) पर काम हो रहा है। इसके बाद लाभार्थियों को चिह्नित किया जाएगा। इससे जम्मू-कश्मीर के लोगों की आवास संबंधी जरूरतें भी पूरी होंगी।
विधानसभा में पीडीपी के विधायक वहीद उर रहमान पर्रा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने बताया कि बताया कि पदगामपुरा पुलवामा में 30 कनाल, वाटापोरा बांदीपोरा में 200 कनाल, भलवाल जम्मू में 85 कनाल, चंग्रान कठुआ (दूसरा चरण) में 81.48 कनाल, छतरहामा श्रीनगर में 353.35 कनाल, बकोरा गांदरबल में 214 कनाल, चक्क भलवाल जम्मू में 248.65, चुआदी जम्मू में 69 कनाल और पुंछ जिले के कनुयान में 16.80 कनाल भूमि टाउनशिप के लिए चिह्नित की गई है।
मंत्री ने बताया कि श्रीनगर विकास प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास बेमिना श्रीनगर (राखी गुंड अक्ष) के साथ 4200 कनाल भूमि चिह्नित की है। जम्मू विकास प्राधिकरण ने भी सिद्धड़ा में भूमि की पहचान की है। मंत्री ने एक अनुपूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि किसी भी निर्माण कार्य को करते समय सभी पारिस्थितिक मुद्दों को ध्यान में रखा जाएगा।