जम्मू। मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों को मुबारक मंडी परिसर में आगंतुकों को आकर्षित करने और उनकी सुविधा के लिए कैफे चालू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुबारक मंडी परिसर में सीएसआर के तहत शुरू की जा सकने वाली गतिविधियों और परियोजनाओं की पहचान करने के लिए एक समिति गठित करने को कहा है। मुबारक मंडी हेरिटेज परिसर से सटे सर्कुलर रोड के साथ पहाड़ी ढलान को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
मंडलायुक्त एवं मुबारक मंडी जम्मू हेरिटेज सोसायटी (एमएमजेएचएस) की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष ने मंगलवार को कार्यकारी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुबारक मंडी परिसर के जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में कार्यों के निष्पादन के लिए एक विशेषज्ञ एजेंसी नियुक्त करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मुबारक मंडी के जीर्णोद्धार और संरक्षण कार्यों पर चर्चा की। इसके साथ इसे जम्मू के प्रमुख पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित करने के लिए क्रियान्वयन के तहत परियोजनाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों और एजेंडा बिंदुओं पर बात की गई।
मंडलायुक्त को बताया गया कि राम सिंह के क्वींस पैलेस के संरक्षण और अनुकूलनीय पुन: उपयोग, दरबार हॉल के संरक्षण, डोगरा संग्रहालय के संरक्षण जैसी कई परियोजनाओं को 75 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। मंडलायुक्त ने जेकेआईडीएफसी के तहत निष्पादित किए जा रहे शेष कार्यों की गति में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रतिभागियों ने मुबारक मंडी के आगंतुकों/पर्यटकों और आम जनता के लिए पार्किंग सुविधा के निर्माण की संभावना पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान आयुक्त जेएमसी, कार्यकारी निदेशक एमएमजेएचएस, निदेशक अभिलेखागार, संयुक्त निदेशक पर्यटन, एसई पीडब्ल्यूडी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।