जम्मू। कुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (जेकेआरटीसी) ने प्रयागराज तक सीधी बस सेवा शुरू की है। 42 सीटर बस रोजाना शाम पांच बजे जम्मू बस स्टैंड से रवाना होगी। इसका किराया 1690 रुपये होगा।
परिवहन मंत्री सतीश शर्मा ने शनिवार को बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हालांकि, पहले दिन यात्री नहीं मिलने से बस नहीं जा पाई है। अब रविवार को शाम पांच बजे प्रस्थान करेगी। प्रयागराज तक का टिकट लेने पर यात्रियों को किराये में 10 फीसदी की छूट मिलेगी और उन्हें एक तरफा यात्रा का 1690 रुपये किराया देना होगा। किराये के भुगतान की व्यवस्था ऑनलाइन भी होगी। इसके लिए बस में क्यूआर कोड भी लगाया गया है। कुंभ मेले तक ये बस सुविधा मिलेगी। जम्मू रेलवे स्टेशन के विकास कार्य के चलते ट्रेनें रद्द हैं। ऐसे में बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।