उधमपुर। पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डाक बंगले के बाहर सफेदे का पेड़ गिरा।
- फोटो : mathura
उधमपुर। लगातार जारी बारिश से भले ही बुधवार को काफी हद तक निजात मिल गई, लेकिन लगातार तीन दिनों से जारी बारिश से काफी मात्रा में हुई तबाही के निशान चौथे दिन भी साफ दिखाई दे रहे थे।
शहर के बीचोंबीच सैरगाह रोड पर जगह-जगह भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में पेड़, मलबे और बिजली के खंभे पड़े हुए थे। इससे वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह से बाधित हो गई। पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाक-बंगला परिसर से पेड़ गिरकर रोड पर आ गया। शहर के वार्ड नंबर 17 में लिंक मार्ग पर स्लाइडिंग के कारण कई मकानों को नुकसान पहुंचा और कई गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। सभी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस की टीमें जगह-जगह राहत कार्यों में जुटी रहीं। मौसम विभाग की ओर जारी चेतावनी के चलते वीरवार को भी स्कूल-कालेज बंद रखने के निर्देश जारी होने पर लोगों की चिंता फिर से बढ़ गई है। खासकर तवी और देविका नदियों का जलस्तर बढ़ने से खतरे की कगार पर पहुंचे रिहायशी इलाकों और मकानों में रहने वाले लोगों को अपने आशियाने पूरी तरह से बर्बाद होने की चिंता सता रही है। हालांकि बुधवार को मौसम पूरी तरह से साफ होने से वीरवार को बारिश के प्रकोप की आशंका काफी कम नजर आ रही है लेकिन मौसम विभाग की से जारी चेतावनी के चलते प्रशासन की ओर से विशेष एहतियात बरतने की हिदायत दी गई। कहा गया कि बेवजह घर से बाहर न निकलें और नदी नालों सहित स्लाइडिंग जोन से दूर रहें।