जम्मू। जम्मू संभाग के विंटर जोन में आने वाले स्कूलों में कक्षा आठवीं तक के बच्चों को सर्दियों की छुट्टियों में खेल-खेल में किताबी ज्ञान मिलेगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने हर जोन में दस स्कूलों को चिह्नित किया है। इन स्कूलों में बच्चों को प्रतिदिन चार घंटे बुलाया जाएगा, जहां शिक्षक खेल-खेल में पढ़ाएंगे। इन गतिविधियों में भाग लेना बच्चों के लिए अनिवार्य नहीं होगा, लेकिन शिक्षकों को स्कूल आना होगा।
एक समान शैक्षणिक कैलेंडर लागू होने के बाद विंटर जोन के स्कूलों में इस बार बोर्ड और नॉन बोर्ड परीक्षाएं सर्दियों की छुट्टियों के बाद होगी। ऐसे में बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए विभाग ने ये पहल शुरू की है। इसमें एनजीओ की भी मदद ली जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखना है। हर जोन में चुने गए दस स्कूलों में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां करवाई जाएंगी, जो किसी न किसी रूप से उनके पाठ्यक्रम से जुड़ी होंगी। इसके साथ शिक्षा विभाग दसवीं से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए विंटर ट्यूशन क्लासेज भी शुरू करेगा। इसमें सरकारी शिक्षक ही बच्चों को ट्यूशन देकर उनकी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को पुख्ता करेंगे।
---
कोट
विंटर जोन में आने वाले जिलों में हर जोन से दस स्कूलों को चिह्नित किया गया है। इन स्कूलों में कक्षा आठवीं तक के बच्चों को खेल-खेल में किताबी ज्ञान दिया जाएगा। इसमें एनजीओ की भी मदद ली जा रही है। बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखना इसका उद्देश्य है।
-डॉ. रवि शंकर शर्मा, स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू