जम्मू। छात्रों को अगले साल मार्च-अप्रैल में होने वाली वार्षिक परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए जम्मू-कश्मीर राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (जेकेएससीईआरटी) प्रश्न बैंक तैयार करवा रहा है। इसमें हर विषय व चैप्टर के अंक के हिसाब से पांच से छह विभिन्न प्रश्न तैयार किए जा रहे हैं। हर विषय के विशेषज्ञ की टीमें इस पर काम कर रही हैं। प्रश्न बैंक की मदद से विद्यार्थी अपनी परीक्षा की तैयारी कर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रश्न बैंक को अक्तूबर के अंत तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
एससीईआरटी ने सभी जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) को प्रश्न बैंक तैयार करने की जिम्मेवारी दी है। इस कड़ी में मंगलवार को डाइट जम्मू में विभिन्न विषयों की बनाई टीमों ने प्रश्न बैंक तैयार करने का काम शुरू किया। हर टीम में पांच से छह अध्यापक रखे हैं, जो हर चैप्टर से उसके अंक के हिसाब से बहु वैकल्पिक, शार्ट आंसर, लांग आंसर और वन वर्ड आंसर वाले प्रश्नों को तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को परीक्षा के लिए तैयार करना है। डाइट जम्मू के प्रिंसिपल रोशन लाल ने कहा कि हर विषय के शिक्षकों की टीम प्रश्न बैंक तैयार कर रही है। कोविड काल में बच्चों की पढ़ाई में काफी नुकसान हुआ था और वह पढ़ाई से कट गए थे। बच्चे वार्षिक परीक्षा के लिए सटीक तैयारी कर सकें, इसके लिए हर कक्षा और विषय से प्रश्न बैंक तैयार किए जा रहे हैं।
-----
हर विषय और चैप्टर से बनेंगे प्रश्न
जेकेएससीईआरटी जम्मू के अकादमिक अधिकारी राकेश कुमार चौबर ने कहा कि प्रश्न बैंक बनाने का उद्देश्य बच्चों की तैयारी को पुख्ता करवाना है। उन्होंने कहा कि प्रश्न बैंक बच्चों के लिए एक संदर्भ होगा। इसमें उन विषयों से प्रश्न तैयार किए जाएंगे जो जरूरी हैं। पढ़ाई में सामान्य रूप से कमजोर बच्चों के लिए प्रश्न बैंक काफी उपयोगी होगा, जिसके आधार पर तैयारी कर सकेंगे। इसके बाद प्रश्न बैंक को जेकेएससीईआरटी की वेबसाइट और स्कूलों में वितरित किया जाएगा।