जम्मू। रियासी में पकड़े गए आतंकी तालिब हुसैन के मोबाइल फोन को जांच के लिए एफएसएल के पास भेज दिया गया है। इस मोबाइल फोन को तालिब ने पकड़े जाने के वक्त पहाड़ से नीचे फेंक दिया था। हालांकि पुलिस ने इस फोन को बरामद कर लिया है। इस मोबाइल फोन से आतंकियों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार तालिब ने मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकाल कर तोड़ दी थी, लेकिन सिम कार्ड का नंबर पता कर लिया गया है, जिसकी काल डिटेल निकाली जा रही है। तालिब पिछले दो साल से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर सलमान के संपर्क में था। उसको जम्मू कश्मीर के कई भाजपा नेताओं की जानकारी देता था। यहां तक कि उसके कहने पर ही वह राजनीतिक पार्टी में शामिल हुआ और उसकी जानकारियां जुटाने लगा। वह नेताओं की रेकी करके उसकी वीडियो और तस्वीरों को सलमान के पास भेज देता था। वहीं इस मामले की जांच अब एनआईए को सौंपने की तैयारी कर ली गई है। एनआईए अपने स्तर पर इस मामले की जांच जरूर कर रही है। बता दें कि तालिब हुसैन राजोरी का रहने वाला है। जिसको रियासी में स्थानीय लोगों ने हथियारों के साथ दबोच लिया था।