जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को अमरनाथ यात्रा के नुनवान आधार शिविर पहुंचे और रात को वहां रुककर बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया।
बादल फटने के बाद पानी के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हुई सड़क की मरम्मत करने पर जोर दिया। उन्होंने आधार शिविर में ठहरे यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की मौके पर जानकारी हासिल की। खासतौर से स्वास्थ्य सेवाओं और लंगर की सुविधा के बारे में यात्रियों से बात की।
उपराज्यपाल ने इस अवसर पर यात्रियों से कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए समर्पण भाव से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपराज्यपाल ने सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, एनडीआरएफ और नागरिक प्रशासन की तरफ से यात्रियों की कीमती जिंदगियों को बचाने के लिए तेज गति से चलाए गए बचाव कार्य की सराहना की। इससे पूर्व उपराज्यपाल ने नुनवान में अधिकारियों से बैठक कर बचाव और राहत कार्यों, मलबा हटाने के कार्य का जायजा लिया। बैठक में उपराज्यपाल के प्रधान सचिव व अमरनाथ श्राइनबोर्ड के सीईओ नीतीश्वर कुमार, मंडलायुक्त पांडुरंग के पोल, जनजातीय विभाग के सचिव शाहिद चौधरी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, अनंतनाग के उपायुक्त डॉ. पियुष सिंगला भी मौजूद रहे।