जम्मू। स्कॉस्ट के सातवें दीक्षांत समारोह में उपराज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह जीवन का एक ऐसा चरण है। जब छात्र विशेष ज्ञान और कौशल के साथ विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल से वास्तविक दुनिया में कदम रखते हैं। उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ छात्र कृषि और बागवानी का चेहरा बदल देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिक, संस्थान और सरकार किसानों और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। हमारा ध्यान किसानों की आय बढ़ाने पर है ताकि वे बेहतर मूल्य हासिल करें।
उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार ने किसानों को स्थायी आय सुनिश्चित करने के लिए बीते दो सालों में उत्पादन, मूल्यवर्धन और विपणन में प्रभावशाली प्रगति की है। प्रदेश प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों को धीरे-धीरे आर्थिक इकाइयों में बदलने और गांव व शहरों के बीच की खाई को पाटने के लिए लगातार कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हमने कृषक समुदाय को अधिकतम लाभ प्रदान करने के लिए स्थानीय उत्पाद ब्रांडिंग, मशीनीकरण, उच्च घनत्व पौधरोपण, गुणवत्ता वाले बीज, क्षमता निर्माण, जीआई टैगिंग, बैंकिंग सुविधा और सूक्षम सिंचाई का विस्तार करने में सफल रहे हैं।
एलजी ने कहा, युवा वैज्ञानिक कृषि क्षेत्र की अधिक क्षमताओं का दोहन करने के लिए समग्र दृष्टिकोण और व्यावहारिक कार्यक्रम के मिशन का नेतृत्व करेंगे। आधुनिक कृषि रणनीति और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक को अपनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने की गति तेज की जाएगी। समावेशी विकास को बढ़ावा देना, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रदेश की ग्रामीण आय में वृद्धि तीन महत्वपूर्ण लक्ष्य हैं। जिन पर हमें प्राथमिकता पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को अपने अनुभवों को समावेशी विकास के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में समर्पित करने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं के सपनों को साकार करेगी सरकार
उपराज्यपाल ने कहा कि मैं सभी छात्रों और कृषि उद्यमियों को आश्वस्त करता हूं कि प्रदेश प्रशासन आपके सपनों को सकार करने के लिए सभी संस्थागत समर्थन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में हम करीब 500 उद्यमी किसानों को सहायता प्रदान कर रहे हैं। अगले वर्ष इसे दोगुना कर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने विवि के अधिकारियों से अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों को बढ़ाने, किसान-छात्र जुड़ाव को मजबूत करने पर जोर दिया। विश्वविद्यालय की वीसी प्रोफेसर जेपी शर्मा ने रिपोर्ट पढ़ी। शिक्षा, अनुसंधान के क्षेत्र में विस्तार से विवि की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।