जम्मू। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी नौ जून को जम्मू कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के अलावा कृषि उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दो दिवसीय दौरे के दौरान कैलाश चौधरी पुलवामा जिले में किसानों से मुलाकात भी करेंगे। कृषि उत्पाद विभाग के वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने केंद्रीय मंत्री के दौरे की सफलता के लिए जेकेएचपीएमसी के प्रबंध निदेशक शफात सुल्तान को समन्वय अधिकारी मनोनीत किया है।
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्रालय की रसायन और उवर्रक विषय पर संसदीय स्टैंडिंग कमेटी भी तीन दिवसीय दौरे पर दस जून को श्रीनगर पहुंचेगी। तीन दिवसीय अध्ययन दौरे के दौरान कमेटी के सदस्य कश्मीर में रसायन व उवर्रक पर हो रहे कामकाज की जानकारी प्रदेश के अधिकारियों से हासिल करेंगे। संसदीय कमेटी की अध्यक्षता सांसद कनीमोझी करुणानिधि करेंगी। कमेटी में 29 सदस्य शामिल रहेंगे। संसदीय कमेटी के अध्ययन दौरे को देखते हुए प्रदेश के कृषि उत्पाद विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।