जम्मू। विधानसभा चुनाव करीब देख राजनीतिक पार्टियों के नेताओं में दल बदल की सियासत भी गर्म हो गई है। कांग्रेस नेता राजू शर्मा शनिवार को कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा और आम आदमी पार्टी में सबसे ज्यादा सियासी लोग शामिल हो रहे हैं।
पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री हर्ष देव सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। आने वाले दिनो में यह सिलसिला ओर तेज होगा। वहीं भाजपा मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस नेता राजू शर्मा व उनके समर्थकों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में देशवासी खुश हैं और प्रधानमंत्री को अपना समर्थन देने के लिए भाजपा परिवार में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने कहा, आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल कर अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होंने कहा, भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और जो भी नागरिक देश के झंडे व देश से प्यार करता है वह भाजपा परिवार का सदस्य बन सकता है। उन्होंने कहा, कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, महासचिव संगठन अशोक कौल आदि भी मौजूद रहे।