जम्मू। आगामी अमरनाथ यात्रा में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी अपना योगदान देंगी। इसके लिए दोनों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह टीमें जम्मू कश्मीर पुलिस की माउंटेन रेस्क्यू टीमों का हिस्सा होंगी। बता दें कि माउंटेन रेस्क्यू टीमों में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सीआरपीएफ के लोगों को शामिल किया गया है। दोनों यात्रा मार्ग पर चिह्नित एक दर्जन स्थलों पर इनको तैनात किया जाएगा।
सांबा के नड में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के 70 लोगों को माउंटेन रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 15 दिन का यह प्रशिक्षण ऊंचाई वाले क्षेत्रों और प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सेवा करने में उनकी मदद करेगा। टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि वे एनडीआरएफ के 40 सदस्यों के छह बैचों को प्रशिक्षण दे रहे हैं और केवल जम्मू-कश्मीर में तैनात लोग ही यात्रा मार्गों पर एमआरटी की तैनाती का हिस्सा होंगे। पहली बार एसडीआरएफ को नई तकनीक और उपकरणों के साथ परीक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण देने के लिए 13 विशेषज्ञ काम कर रहे हैं।
बता दें कि राम सिंह ने एवरेस्ट फतेेह भी किया है। प्रशिक्षण देने वाली टीम में कांस्टेबल नजीर और फलील सिंह भी शामिल हैं। प्रशिक्षण में पहाड़ पर चढ़ना, बचाव और तलाशी अभियान के साथ-साथ लाइव प्रदर्शन करना शामिल है। हिमस्खलन या किसी अन्य आपदा में फंसे लोगों को बचाना भी इसका हिस्सा है। बता दें कि 2008 की यात्रा में पहली बार एमआरटी को तैनात किया गया था।