जम्मू। कश्मीरी पंडितों के नरसंहार से जुड़े मामलों की पुलिस नए सिरे से जांच शुरू कर सकती है। जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसके संकेत दिए हैं। जम्मू में एक कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि घटना विशेष से जुड़ी जानकारी सामने आने पर पुलिस निश्चित रूप से जांच करेगी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से जुड़े सभी मामलों को जांच के दायरे में लाया जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि पुलिस पहले भी जांच करती रही है। खास जानकारी मिलने पर किसी मामले को नहीं छोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखकर 1989-90 में कश्मीरी पंडितों के नरसंहार से संबंधित सभी मामलों को फिर से खोलने और घटनाओं की पुन: जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन के लिए निर्देश देने की मांग की थी। जिंदल ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि एसआईटी को अब तक रिपोर्ट किए गए मामलों की पूरी तरह से जांच करनी चाहिए। जो पीड़ित किन्हीं परिस्थितियों में शिकायत दर्ज नहीं करवा पाए हैं, उन्हें एक मंच प्रदान कर शिकायत दर्ज करवाने का अवसर दिया जाना चाहिए।