जम्मू। मौलाना आजाद स्टेडियम जम्मू में 19 मार्च को सीआरपीएफ के 93वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे। इस दौरान भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। इसमें पूरे देश से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की विभिन्न टुकड़ियां शामिल होंगी।
मुख्यातिथि द्वारा सुरक्षा बल के कार्मिकों को वीरता पदक और उपलब्धियों के लिए पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं, बेहतरीन कार्य के लिए ट्रॉफी भी दी जाएंगी। रंगारंग कार्यक्रम में महिला कार्मिकों द्वारा सशस्त्र ड्रिल और स्पोर्ट्स टीम, मल्लखंब टीम और मोटर साइकिल डेयर डेविल्स टीम द्वारा करतब दिखाए जाएंगे। स्कूली बच्चे भी प्रस्तुति देंगे। सीआरपीएफ का गठन 1939 में हुआ था। 19 मार्च 1950 को तत्कालीन गृहमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल द्वारा बल को ध्वज प्रदान किया गया। बल की 247 कंपनियां देश के विभिन्न भागों में सेवारत हैं। बल रक्षक के तौर पर जेएंडके, झारखंड, छत्तीसगढ़ में उग्रवाद से निपटने में अहम भूमिका निभा रहा है।