जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को बारिश और बर्फबारी के बाद फिर से ठंड बढ़ गई है। कश्मीर के कई जिलों में अधिकतम पारा छह से 10 डिग्री तक गिर गया है। बर्फीली हवाओं से पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में है। कश्मीर के लगभग सभी जिलों में दिन का तापमान भी पांच डिग्री से नीचे आ गया है। जम्मू संभाग में भी ठंड बढ़ी है। यहां भी कई जिलों में पारा सामान्य से दस डिग्री तक नीचे चल रहा है। लद्दाख और कारगिल में भी शरीर जमा देने वाली ठंड पड़ रही है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। इससे कश्मीर संभाग अधिक प्रभावित हुआ है। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री गिरकर 4.2 डिग्री चल रहा है। जम्मू में दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में सामान्य से थोड़ी गिरावट के साथ 20.2 और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।