जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन के लिए परिसीमन आयोग की सिफारिशों का प्रदेश के कई इलाकों में विरोध तेज हो गया है। जम्मू जिले के सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र को खत्म कर आरएस पुरा में मिलाने पर भाजपा के कई नेता पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। जम्मू संभाग के उधमपुर और सांबा जिले में लोग सड़क पर उतर आए हैं। कठुआ समेत कई अन्य जिलों में भी भारी असंतोष के बीच आयोग की सिफारिश पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
उधमपुर के टिकरी ब्लॉक की सात पंचायतों को नई प्रस्तावित उधमपुर पूर्व सीट में शामिल करने के खिलाफ स्थानीय लोगों ने रोष रैली निकाली। वहीं रामनगर के सीनियर सिटीजन काउंसिल के सदस्यों और पंचैरी-मोंगरी से डीडीसी सदस्य ने भी आयोग की सिफारिशों पर सवाल उठाए। सांबा में लोग परिसीमन आयोग की प्रस्तावित रिपोर्ट के खिलाफ मंगलवार को सड़क पर उतर आए। जम्मू के परगवाल और अखनूर से भी लोगाें ने कड़ी आपत्ति जताई है। कठुआ जिले के दूरदराज लोहाई मल्हार इलाके को दोबारा बनी विधानसभा क्षेत्र के साथ रखने पर लोगाें में रोष है। उनका कहना है कि बनी जाने के लिए लेहाई मल्हार वासियों के पास एक ही सड़क संपर्क है, जो 160 किलोमीटर लंबा है। लोहाई मल्हार को बिलावर से जोड़े जाने की उम्मीदों को आयोग की सिफारिशों में नजरअंदाज किया गया है।