जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भव्य इंटर मॉडल स्टेशन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीपीआर को मंजूरी के बाद इसका निर्माण तीन साल में पूरा होगा। श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर हेलिपेड, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, आटो स्टैंड, निजी वाहनों के लिए पार्किंग, फाइव स्टार से लेकर रियायती दाम के होटल व अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं इंटर मॉडल स्टेशन में मुहैया होंगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रीय अधिकारी रोहिन गुप्ता के अनुसार नई दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे के साथ-साथ कटड़ा में इंटर मॉडल स्टेशन के निर्माण कार्य को प्राधिकरण को सौंपा गया है।
फिलहाल विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। कटड़ा में रेलवे स्टेशन के पास बस स्टैंड की भूमि पर इंटर मॉडल स्टेशन तैयार होगा। इंटर माडल स्टेशन में हवाई, रेल और सड़क मार्ग से आने वाले श्री माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हों, ऐसा पूरा ढांचा तैयार होना है।
डीपीआर को मंजूरी के बाद इंटर मॉडल स्टेशन का निर्माण कार्य तीन साल में पूरा होगा। श्री माता वैष्णो देवी में देश और विदेश से हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो के दर्शनो के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इंटर मॉडल स्टेशन बनने के बाद श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा होगी।
एक्सप्रेस वे बनने के बाद दिल्ली से कटड़ा का सफर छह घंटे में होगा
नई दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे बनने के बाद नई दिल्ली से कटड़ा का सफर वर्तमान में 12 से 14 घंटो के बजाय महज छह घंटे में पूरा हो जाएगा। ऐसे में कटड़ा में इंटर मॉडल स्टेशन बनने के बाद श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।