जम्मू। जम्मू-कश्मीर सरकार पुरस्कार 2022 प्रदान करने की घोषणा की गई। ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों को दिए जाते हैं। इसमें साहित्य के क्षेत्र, कला प्रदर्शन, कला और शिल्प में उत्कृष्टता, सामाजिक सुधार व अधिकारिता, सराहनीय लोक सेवा, किसी अन्य क्षेत्र में आजीवन उपलब्धि, खिलाड़ियों और मीडिया से जुड़े लोगों को दिए जाएंगे।
कोरोना के दौरान सेवाएं देते हुए जान गंवाने वाले जिला अस्पताल पुलवामा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद अशरफ मीर, फार्मासिस्ट बशीर अहमद माग्रे निवासी अश्मुकम, सहायक मैटरन रत्ना देवी, चतुर्थ श्रेणी कर्मी अब्दुल हमीद को सम्मान मिलेगा।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए महानिदेशक शादी लाल पंडिता वित्त विभाग और कलस्टर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. जतिंदर खजूरिया के अलावा साहित्य क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रसिद्ध कश्मीरी कवयित्री और साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता नसीम शफी, के.डी. मैनी, सतीश विमल को दिया जाएगा।
डोगरी कला श्रेणी में गायक रूमालो राम और वकार मोहम्मद खान को मिलेगा। हिमालयन हेरिटेज म्यूजियम के अध्यक्ष एस इंद्र सिंह और आरिफा जान को कला और शिल्प की श्रेणी में सम्मान दिया जाएगा।
जम्मू और कश्मीर के सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत के प्रचार और संरक्षण में बहुमूल्य योगदान पर प्रीतम स्पिरिचुअल फाउंडेशन के संस्थापक जसबीर सिंह को, श्री माता वैष्णो देवी तीर्थ में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने पर स्वर्गीय सर्वानंद कौल को, खेलों को बढ़ावा देने के लिए राकेश कुमार को सम्मानित किया जाएगा। हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाली अरिफा बिलाल, महिला पावर लिफ्टर और आरिफ मोहम्मद खान को सम्मानित किया जाएगा। एएनएन न्यूज के तारिक अहमद भट और प्रदीप दत्ता ब्यूरो चीफ टाइम्स नाउ को भी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।