जम्मू। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले चार और शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया गया है। ये शिक्षक लंबे समय से बिना मंजूरी के अनुपस्थित चल रहे थे। एक महीने में विभाग ने ड्यूटी से गायब रहने वाले 26 शिक्षकों को सेवा मुक्त किया है।
स्कूल शिक्षा निदेशालय श्रीनगर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यूपीएस कचरी कुपवाड़ा में कार्यरत अशक परवेज मीर जो छह मई 2012 से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित था उसे सेवा मुक्त किया है। इसके साथ गवर्नमेंट मिडिल स्कूल अरिपंथन बडगाम में कार्यरत शिक्षक मोहम्मद सलीम डार को भी सेवा मुक्त किया। डार ने पीएचडी करने के लिए छह महीने का अवकाश लिया था इसके बाद कार्यस्थल पर नहीं आए। वह 27 मार्च 2015 से ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूल गुंडीशथ, कुपवाड़ा में कार्यरत शिक्षका शाजिया शफीक और हायर सेकेंडरी स्कूल पदशाहीबाग श्रीनगर में कार्यरत शिक्षका फातिमा जमील को सेवा मुक्त किया। फामिता जमील 1 मार्च 2016 से ड्यूटी से अनपुस्थित है।