जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में ह्यूमन राइट्स स्टेंडर्ड्स, ह्यूमन राइट्स और ह्यूमनटेरियन लॉ की ऑनलाइन परीक्षा 15 नवंबर से शुरू होगी। परीक्षा में सिर्फ 70 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र दो खंडों में बांटा जाएगा। पहले खंड में से छात्रों को चार शार्ट और एक लांग प्रश्न का उत्तर देना होगा। प्रत्येक इकाई से एक प्रश्न होगा। शार्ट प्रश्नों का 200 शब्दों में उत्तर देना होगा।
दूसरे सेक्शन में कुल आठ प्रश्न होंगे। दो प्रश्न प्रत्येक इकाई से पूछे जाएंगे। छात्रों को अपनी इच्छा अनुसार प्रत्येक इकाई से एक प्रश्न का उत्तर देना होगा। तीन घंटे के समय में छात्रों को सभी प्रश्नों का उत्तर देने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा शुरू होने से पांच मिनट पहले छात्रों कोे व्हाट्सएप के माध्यम से प्रश्न पत्र भेजा जाएगा। विवि के नियमानुसार 10 बजे परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा के दिन ही छात्रों का 30 अंकों का साक्षात्कार भी लिया जाएगा। विवि के डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि उत्तर पुस्तिका के अधिकांश 15 से 20 पन्नों का प्रयोग करना होगा। पहले पन्ने पर छात्रों को अपना नाम, कोर्स नंबर, रोल नंबर, तिथि सहित हस्ताक्षर भी करने होंगे। ए4 साइज की शीट का प्रयोग करके पीडीएफ बनाकर विवि की मेल पर सबमिट करनी होगी। इसके लिए छात्रों को परीक्षा समाप्त होने के बाद पंद्रह मिनट का समय दिया जाएगा। पीडीएफ की हार्ड कॉपी को परीक्षा नियंत्रक शाखा में ऑफलाइन मोड से जमा करवाने का कोई प्रावधान नहीं रखा गया है। सिर्फ स्टेशन से बाहर के छात्रों के लिए प्रावधान है कि परीक्षा समाप्त होते ही वो अपनी उत्तर पस्तिका की हार्ड कॉपी को डिस्पेच करके स्पीड पोस्ट से विवि भेजें। असफल होने वाले छात्रों का पुनर्मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।