जम्मू। सचिव सहकारिता यशा मुदगल ने बुधवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सहकारिता विभाग के कामकाज की समीक्षा की। इसमें जैकफेड के परिसमापन, युवा सहकार योजना, सुपर बाजारों के आधुनिकीकरण और अन्य विभागीय मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं विशेष रूप से सुपर बाजार की महत्वपूर्ण भूमिका है और इन संस्थानों पर ध्यान केंद्रित करके ये गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।
रिकार्ड के पूरा होने और प्रमाणीकरण सहित सभी मुद्दों को देखने के बाद जैकफेड के परिसमापन को अंतिम रूप दिया जाना है। बताया गया कि इस मामले को संबंधित विभागों के साथ उठाया गया है, जो जैकफेड को भुगतान करने में पीछे रहे हैं। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसीबी या अपराध शाखा में जिन कर्मचारियों के खिलाफ मामले लंबित हैं, उनका विवरण प्रस्तुत करें, ताकि उनके दावों पर तदनुसार कार्रवाई की जा सके। आगामी 20 अक्तूबर तक सेवानिवृत्त लोगों से संबंधित रिकार्ड प्रस्तुत किए जाएं। नवीन सहकारिता एवं सहकारी समितियों का पंजीयन दो माह में पूर्ण कर उनकी प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके साथ लंबित पंजीकरण मामलों का त्वरित आधार पर निपटान सुनिश्चित किया जाए। महाप्रबंधक सुपर बाजार के आधुनिकीकरण का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करें। सुपर बाजारों को जीईएम पोर्टल के माध्यम से आपूर्ति करने में भाग लेने के अलावा ग्राहकों की अधिक संख्या को आकर्षिक करने के लिए एक विज्ञापन अभियान शुरू करने की आवश्यकता है।