जम्मू। सैनिक कॉलोनी में 3 जून को मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक हत्यारा मृतक महेश का बड़ा भाई ही निकला। किसी बात को लेकर हुई नोकझोंक में ईंट से वार कर हत्या की गई थी। आरोपी को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी की पहचान गौरी प्रसाद के रूप में हुई है, जो निर्माणाधीन इमारत में चौकीदार का काम करता था। गौरी प्रसाद मूलरूप से मध्यप्रदेश का है। यहां सैनिक कॉलोनी में ही किराए पर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर ले लिया है। आगे की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार 3 जून को नानक नगर के रहने वाले कुलदीप सिंह ने बताया कि सैनिक कालोनी स्थित उसके निर्माणधीन घर में किसी की लाश पड़ी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में ले लिया। लाश के सिर और शरीर पर किसी तेजधार हथियार के हमले से गहरे घाव थे। सिर से काफी खून बह गया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि लाश महेश हरीजन निवासी मध्य प्रदेश की है।
सीसीटीवी में दिखा कमीज खून से सनी हुई थी
एसडीपीओ विक्रम कुमार ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास कई जगहों की सीसीटीवी फुटेज जांची गई। इसमें पता चला कि वारदात के वक्त घटनास्थल पर मृतक का भाई गौरी प्रसाद था। वह सीसीटीवी में दिख रहा था कि उसकी कमीज खून से सनी हुई थी। जो यहीं पर चौकीदारी करता था। मृतक महेश वारदात से पहले अपने भाई गौरी के पास आया हुआ था। यहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोक झोंक हो गई। बात मारपीट पर आ गई। इसके बाद बात बढ़ने पर आरोपी ने ईंट से हमला कर दिया। महेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। उससे पूछताछ की जा रही है।