आईईडी मिलने के बाद कड़ी हुई सुरक्षा...
- फोटो : amar ujala
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर फिर सैन्य वाहनों के काफिले को उड़ाने की आतंकियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने वीरवार को नाकाम कर दिया। कुलगाम जिले के बॉर्डर पर सड़क किनारे प्लांट की गई आईईडी को सीआरपीएफ की रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) ने समय रहते खोज निकाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
बताते हैं कि वीरवार सुबह हाईवे पर निकली आरओपी को तसलू गांव के पास सड़क किनारे संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इस पर उन्होंने पूरे इलाके को घेरे में ले लिया। हाईवे पर वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। इस दौरान बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। जांच के दौरान पता चला कि आतंकियों ने आईईडी लगा रखी है। जांच के बाद इसे निष्क्रिय कर दिया गया।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई के चलते हाईवे पर दो घंटे से अधिक समय तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताते हैं कि आतंकियों के खिलाफ सख्ती के बाद हमले में नाकाम रहने पर अब आतंकियों की ओर से लगातार आईईडी प्लांट कर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है।
एक सप्ताह पहले दो कोशिशों को किया था नाकाम
कश्मीर घाटी में आईईडी धमाका कर सुरक्षा बलों पर हमले की दो साजिशों को 23 अप्रैल को भी नाकाम किया गया था। आतंकियों ने पुलवामा में सर्कुलर रोड पर आईईडी प्लांट कर वाहनों को उड़ाने की साजिश रची थी। इसके साथ ही शोपियां में लगभग छह किलो की आईईडी फेंककर पुलिस वाहन को उड़ाने की कोशिश की थी। हालांकि, दोनों घटनाओं में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ था।