रामगढ़/विजयपुर। महंगाई के खिलाफ रविवार को कांग्रेस ने सीमावर्ती कस्बा रामगढ़ में प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री रमन भल्ला के नेतृत्व में पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने बाजार में महंगाई की शव यात्रा निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में विफल रही है। भाजपा की कथनी व करनी में काफी अंतर है। भाजपा सरकार पर बढ़ती महंगाई भारी पड़ेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए रमण भल्ला ने कहा कि पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। हर चीज के दाम दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। रोजमर्रा की चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। एक महीने में ही रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल के दाम कई बार बढ़ चुके हैं। सरकार ने हर चीज पर टैक्स लगा दिया है। प्रॉपर्टी टैक्स लगाकर जनता पर बोझ बढ़ा दिया है। अगर यही हाल रहा तो जनता को सांस लेने के लिए भी दाम चुकाने होंगे। भाजपा सरकार पर बढ़ती महंगाई भारी पड़ेगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता बबल गुप्ता, तीर्थ राम भक्त, धर्मपाल, मनोहर लाल, रघुवीर सिंह, संजीव कुमार, रशपाल चौधरी, इंद्रपाल सिंह, विष्णु चौधरी सहित पार्टी नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।