जम्मू। सुंजवां मिलिट्री स्टेशन में जारी आर्मी की भर्ती रैली के पांचवें दिन भी युवाओं ने उत्साह और जोश से भाग लिया। भर्ती रैली में शनिवार को पुंछ जिले के करीब 600 युवाओं ने दौड़ में भाग लिया। इसमें कई युवा सफल रहे। हालांकि भर्ती के लिए पुंछ जिले से ही 2800 युवाओं ने आवेदन किया। 15 फरवरी से 6 मार्च तक चलने वाली भर्ती के लिए 40 हजार युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। यह भर्ती अप्रैल 2020 में होनी थी, लेकिन कोविड के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया था।
शनिवार को टाइगर डिवीजन के जीओसी मेजर जरनल विजय बी नायर भर्ती स्थल पर पहुंचे और पूरी प्रक्रिया को जाना। इस दौरान ब्रिगेडियर एपी सिंह कमांडर शिवालिक ब्रिगेड और भर्ती निदेशक ने कोविड-19 सहित अन्य प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया। भर्ती रैली में युवाओं की सफलता के पीछे सेना की ओर से विभिन्न जिलों में आयोजित की जाने प्री-भर्ती शिविर का भी योगदान देखने को मिल रहा है। सेना अधिकारियों का कहना कि अब युवा बेहतर प्रशिक्षण के साथ रैली में आ रहे हैं, इससे उनकी सफलता का प्रतिशत भी बढ़ गया है। भर्ती स्थल पर जगह- जगह सीसीटीवी लगाए गए हैं, जिसके फुटेज की नियमित रूप से जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं हो रही।