अनुच्छेद 370 हटने के बाद शुरू हुई सियासी गतिविधियों के बीच पीडीपी से अलग होकर अल्ताफ बुखारी के नेतृत्व में बनी अपनी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया है। डीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के पहले चरण में पांच जिलों में से दो पर कब्जा कर अपनी पार्टी ने नेशनल कांफ्रेंस तथा पीडीपी के होश उड़ा दिए हैं। इन दोनों पार्टियों में सेंधमारी की वजह से ही दो जिलों में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की ताजपोशी हो पाई है। ज्ञात हो कि पांच जिलों के चुनाव में दो-दो जिलों में भाजपा और अपनी पार्टी तथा एक में सीपीआई (एम) के उम्मीदवार जीते हैं।
राज्य में पिछले साल दिसंबर में हुए डीडीसी चुनाव में अपनी पार्टी की झोली में 12 सीटें आई थीं। पार्टी को श्रीनगर में तीन और शोपियां में दो सीटों पर जीत मिली थीं, लेकिन दोनों जिलों में अध्यक्ष बनाने के लिए उसने 11 अतिरिक्त सदस्यों का इंतजाम किया। प्रत्येक जिले में अध्यक्ष के लिए आठ सदस्यों की जरूरत है। श्रीनगर में भाजपा के एक सदस्य के साथ निर्दलियों का साथ मिला। यहां सात निर्दलीय चुनाव जीतने में सफल रहे थे। श्रीनगर से नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला सांसद हैं। ऐसे में ग्रीष्मकालीन राजधानी में अपनी पार्टी ने अपना डंका बजाकर नेकां को झटका दिया है।
शोपियां में अपनी पार्टी के पास दो सीटें थीं। इसके साथ ही चार निर्दलीय के अलावा पीडीपी के चार, नेकां के तीन तथा कांग्रेस के एक सदस्य थे। पार्टी ने छह अतिरिक्त सदस्यों के इंतजाम के लिए निर्दलीयों के साथ ही पीडीपी तथा नेकां के खेमे में भी सेंधमारी की। दक्षिणी कश्मीर का शोपियां जिला पीडीपी का गढ़ है। ऐसे में उसके अध्यक्ष न बनने से उसे तगड़ा झटका लगा है। कुलगाम एकमात्र ऐसा जिला है जिसमें गुपकार गठबंधन के घटक दल के रूप में सीपीआई (एम) के पांच सदस्य जीते हैं। ऐसे में गठबंधन ने यह जिला सीपीआई (एम) के लिए छोड़ दिया।
गुपकार गठबंधन में खलबली, सतर्कता बरतने की हिदायत
पहले चरण में उलटफेर से गुपकार गठबंधन में खलबली मची हुई है। नेकां और पीडीपी ही इस गठबंधन के प्रमुख घटक दल रहे हैं। अब सात जिलों में होने वाले चुनाव को लेकर अभी से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कुपवाड़ा में गुपकार गठबंधन से अलग होने वाले पीपुल्स कांफ्रेंस का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है क्योंकि उसके पांच सदस्य जीते हैं। इसके अलावा बांदीपोरा, बारामुला, बडगाम, गांदरबल, अनंतनाग व पुलवामा में गुपकार की जीत तय मानी जा रही है, लेकिन सभी जिलों के पदाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने की हिदायत दी गई है।
दलबदल कानून प्रभावी न होने से खेल
डीडीसी में दलबदल कानून प्रभावी न होने की वजह से क्रास वोटिंग पर सदस्यता जाने का खतरा नहीं है। इस वजह से तोड़फोड़ संभव है। हालांकि, नेकां तथा पीडीपी दोनों की ओर से चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर सदस्यों के दूसरे दलों में जाने पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था।