अखनूर। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन अखनूर के अध्यक्ष लखबीर सिंह सोहल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अखनूर के उपमंडल अधिकारी मुख्तार अहमद से भेंट कर ट्रैफिक डायवर्जन आदेश पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल ही में जारी आदेश के तहत अखनूर से जम्मू जाने वाले वाहनों को पुराने स्टील ब्रिज की बजाय नवनिर्मित कंक्रीट चिनाब पुल से होकर भेजा जा रहा है। इससे स्थानीय जनता, खासकर पूर्व सैनिक, वरिष्ठ नागरिक, छात्र व उद्योग कर्मियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को अवगत कराया कि यह नया रूट न केवल लंबा है बल्कि इससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं, जिससे जम्मू में जरूरी कार्यों जैसे मेडिकल, शैक्षणिक और सरकारी कार्यों के लिए जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन अध्यक्ष लखबीर सिंह सोहल ने बताया कि अखनूर क्षेत्र के पूर्व सैनिक, वीर नारियां, विधवाएं आदि स्टेशन कैंटीन, गैस एजेंसी जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए पुराने स्टील ब्रिज से होकर ही नियमित रूप से जाती हैं। नए पुल से होकर लंबा रास्ता तय करना खासकर वृद्धजनों के लिए कठिनाई भरा हो गया है। उन्होंने सुझाव दिया कि नए पुल को अखनूर आने वाले वाहनों के लिए प्रयोग किया जाए और पुराने स्टील ब्रिज से जम्मू की ओर जाने वाले वाहनों को पहले की तरह जाने दिया जाए।
एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को डिप्टी कमिश्नर के समक्ष उठाएंगे तथा पूर्व में जारी आदेश की समीक्षा और संभावित रद्दीकरण पर विचार किया जाएगा।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री व सेना अधिकारियों के समक्ष चिनाब नदी पर डबल लेन बाईपास पुल निर्माण की मांग भी रखी है, जो विचाराधीन है। इस अवसर पर कैप्टन संतोष शर्मा, मणि राम भगत, काका राम व गुरमुख सिंह भी उपस्थित रहे।