बर्फबारी के चलते पांच महीने से बंद मुगल रोड अब जल्द आवाजाही के लिए खुलने वाली है। 22 दिन से बर्फ हटाने में लगी मशीनें जमी बर्फ का सीना चीरकर शनिवार को पीर की गली तक पहुंच गई। मुगल रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए तैयार कर लिया गया है। अब लोगों ने भी उपराज्यपाल से रोड को आवाजाही के लिए खोलने की मांग की है। पुंछ निवासी इम्तियाज सलारिया, रौनक शर्मा, शफीक बाबा, सुनील कुमार आदि का कहना है कि इस बार कम बर्फबारी के चलते जहां श्रीनगर-लेह मार्ग काफी पहले खोल दिया गया, वहीं मुगलरोड खुलने में काफी देरी हो रही है।
इससे कश्मीर में रहने वाले रिश्तेदारों से मिलने के इंतजार में बैठे लोगों में काफी निराशा है। उन्होंने सरकार को जल्द ही मुगलरोड पर यातायात बहाल कर देना चाहिए ताकि हम लोग कश्मीर आ जा सकें। बता दें, पुंछ एवं राजोरी को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगलरोड को नवंबर में बर्फबारी के बाद यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के इस स्कूल में बारिश के दिनों में बच्चे मनाते हैं छुट्टियां, जानिए वजह
11 मार्च को उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद पुंछ जिले की तरफ से पीडब्ल्यू डी मैकैनिकल विंग की तरफ से एईई कमल ज्योति शर्मा और एई तारिक खान की देखरेख में आधुनिक मशीनों की सहायता से जिले के बफलियाज की तरफ से पीर की गली तक की पुंछ जिले की सीमा रेखा में पड़ने वाली 44 किलोमीटर लंबी मुगलरोड से बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया था।
इस दौरान बर्फ हटा जब मशीनें 38 किलोमीटर तक पहुंची तो मौसम खराब हो जाने और ताजा बर्फबारी से करीब पांच दिनों तक बर्फ हटाने का काम बंद रखना पड़ा। पांच दिन बाद फिर से 13 किलोमीटर से बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया। अब जब मशीनें बर्फ का सीना चीर कर पीर की गली तक पहुंची तो अधिकारियों और कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे।