सेना के जवान प्रभाकर जंजाल का अंतिम संस्कार आठ जुलाई को महाराष्ट्र के अकोला जिले में उनके पैतृक गांव में होगा। जंजाल (26) कुलगाम के फ्रिसल चिन्नीगाम इलाके में मुठभेड़ के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए।
अकोला के तहसीलदार ने कहा कि सोमवार को उनके पैतृक गांव मोरगांव भाकरे में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके परिवार तक उनकी मौत की खबर पहुंचने पर गांव में मातम छा गया है।
अधिकारी ने बताया कि जंजाल 2019 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे और 2020 में द्वितीय महार रेजिमेंट में थे। उन्होंने बताया कि वह पहले मणिपुर में तैनात थे और फिर चार महीने पहले सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (विशेष दस्ते) के हिस्से के रूप में कुलगाम जिले में तैनात किए गए थे। अधिकारी ने बताया कि जंजाल की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी।
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आरआर स्वैन ने कहा कि कुलगाम के पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम को बड़ी सफलता मिली है। यहां दो मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए। ड्रोन फुटेज में आतंकियों के शव मुठभेड़ स्थल पर देखे गए। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है।