फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कठुआ: जुथाना में तलाशी अभियान जारी, भीनी नाले के साथ, लोहाई मल्हार के इलाके भी खंगाले

Wed, 15 May 2024 04:36 PM IST
kumar गुलशन कुमार अमर उजाला नेटवर्क, कठुआ

सार

सेना के हेलीकॉप्टर दिनभर बिलावर और आसपास इलाकों में सर्च कर रहे हैं। बसंतगढ़ में मुठभेड़ के बाद फरार हुए आतंकियों की तलाश में बिलावर के लोहाई मल्हार इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। अब बिलावर के निचले इलाके में संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
विज्ञापन
कठुआ के जुथाना में तलाशी अभियान - फोटो : अनिल कुमार
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू संभाग के कठुआ जिले के जुथाना में सोमवार की रात बंदूकधारी संदिग्ध देखे जाने के बाद से सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिला पुलिस, सेना के साथ कमांडो भी सर्च ऑपरेशन में लगे हुए हैं।

विज्ञापन


सुरक्षा बलों ने बिलावर के भीनी नाले और लोहाई मल्हार के इलाकों को भी खंगाला। हालांकि अभी तक संदिग्धों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात करीब नौ बजे गांव जुथाना में छह संदिग्ध देखे गए थे। उन्होंने एक घर में घुसकर बंदूक से डरा-धमकाकर महिला से खाना मांगा। महिला के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए, जिससे बंदूकधारी भाग निकले।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। रात करीब 10 बजे तलाशी अभियान शुरू किया गया। मंगलवार को भी सुरक्षा बलों ने चॉपर और ड्रोन की मदद से जंगली इलाकों को खंगाला। बिलावर के कई क्षेत्रों में भी घेराबंदी की गई है। जिला पुलिस के सभी थानों, चौकियों और पुलिस पोस्ट के प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन


कई स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। जुथाना गांव बिलावर के पंजतीर्थी इलाके से सटा है। लिहाजा बिलावर को जोड़ने वाले तमाम रूटों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जंगल के इलाकों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां संदिग्धों की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर की भी मदद ले रही हैं।

सेना के हेलीकॉप्टर दिनभर बिलावर और आसपास इलाकों में सर्च करते रहे। बसंतगढ़ में मुठभेड़ के बाद फरार हुए आतंकियों की तलाश में बिलावर के लोहाई मल्हार इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। अब बिलावर के निचले इलाके में संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

ग्रामीणों में डर

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर पैदा हो गया है। जुथाना गांव के निवासी हरनाम सिंह ने बताया कि वह कठुआ में दुकान पर काम करता है और उसकी पत्नी व बेटी जुथाना में रहते हैं। सोमवार रात को कुछ हथियारबंद लोगों ने दरवाजा खटखटाया। पत्नी ने पूछा तो कहा कि घर में कोई बंदा है क्या। महिला ने कहा कि सभी घर पर हैं, खाना खा रहे हैं। इसके बाद हथियारबंद लोगों ने घर के किसी पुरुष को बाहर बुलाने के लिए कहा और खाना मांगा। मना करने पर बंदूक से डराने लगे। इसी दौरान उनके पड़ोसी हरबंस सिंह के साथ अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए, जिन्हें देखते ही संदिग्ध भाग निकले।
विज्ञापन

लोगों ने थानों में जमा हथियार वापस करने की मांग की

स्थानीय लोगों ने कहा कि 10-15 साल पहले भी जुथाना से जंगल और पहाड़ों के रास्ते डोडा-किश्तवाड़ जाने का मार्ग आतंकी अपनाते रहे हैं। यह काफी छोटा रास्ता है। अब दोबारा इस प्रकार हथियारबंद लोगों का दिखाई देना डर पैदा कर रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जुथाना में पुलिस चौकी बनाई जानी चाहिए, ताकि आतंकी इस रूट पर दोबारा सक्रिय न हो सकें। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने थानों में जमा किए गए हथियार उन्हें वापस देने की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें