जम्मू संभाग में लगातार संदिग्धों के देखे जाने की सूचनाओं के बीच आम नागरिक खौफजदा हैं। कठुआ जिले के डग्गर और जुथाना गांव के बाद अब लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ती पुलिस पोस्ट बसंतपुर से सटे कसोरी गांव में स्कूली बच्चों ने एक संदिग्ध देखने की सूचना पुलिस को दी है। गुरुवार को लखनपुर पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लखनपुर के कसोरी गांव के बच्चे सुबह स्कूल जा रहे थे तो उन्होंने पहाड़ी पर एक अजनबी को देखा, जो वहां से भाग गया। बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया।
इसके बाद पुलिस जवानों ने पांच किलोमीटर के दायरे में फैले जंगली इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसके साथ ही बच्चों के अभिभावकों से भी पूछताछ की गई।
स्थानीय निवासी कर्ण सिंह ने बताया कि उनके गांव के बच्चे सुबह स्कूल जा रहे थे कि उन्हें रास्ते में पहाड़ी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसने काले कपड़े पहने हुए थे। जब उन्होंने उस व्यक्ति को देखा तो वह वहां से भाग गया और बच्चे डर के कारण घर लौट आए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं एक अन्य नागरिक ने बताया कि सुबह जैसे ही इस घटना की बात सामने आई तो इलाके में दहशत का माहौल बन गया। अब हर कोई डर रहा है। वहीं उन्होंने सरकार से मांग की है कि जिन लोगों के लाइसेंसी हथियार चुनाव के मद्देनजर पुलिस के पास रखवाए हुए हैं, उन्हें वापस दे दिया जाए ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें। उधर पुलिस ने दिन भर तलाशी अभियान जारी रखा।