जम्मू। पशु तस्करों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरोटा के बन टोल प्लाजा पर आठ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके चंगुल से 94 मवेशियों को छुड़ाया गया है। आठ अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर आठ वाहन भी जब्त किए गए हैं। यह सभी पशु कश्मीर भेजे जा रहे थे। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने नाका लगाकर यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियो में रियासी निवासी मोहम्मद सरदार, अनंतनाग निवासी बशारत अहमद, नगरोटा निवासी मोहम्मद इकबाल, कोकरनाग निवासी शराफत अली, अनंतनाग निवासी मोहम्मद हुसैन, कुलगाम निवासी आकिब अहमद और कठुआ निवासी वसीम सज्जाद शामिल हैं। एसडीपीओ परोपकार सिंह का कहना है कि सूचना थी कि कश्मीर में बड़े स्तर पर पशु भेजे जा रहे हैं। इसके बाद बन टोल प्लाजा पर स्पेशल टीम को तैनात कर वाहनों की चेकिंग की गई। जिस दौरान आठ वाहनों से पशु बरामद हुए और तस्करों को भी पकड़ लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।