भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से मात्र 3 किलोमीटर पहले क्षेत्र हीरानगर की सन्याल पुलिस चौकी को निशाना बनाने की साजिश नाकाम रही। मगर इस क्षेत्र के लोगों में अभी भी दहशत का माहौल है। बुधवार रात साढ़े 9 बजे चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर जोरदार धमाका हुआ।
बीडीसी चेयरमैन रामलाल कालिया ने कहा जिस रात यह धमाका हुआ वह घर में थे और चौकी से कुछ दूरी पर ही उनका घर है। धमाका जोरदार था, जिसके बाद हम तुरंत पुलिस चौकी पर पहुंचे। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और सुबह एक जिंदा ग्रेनेड बरामद किया।
धमाके के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, लेकिन अब हालात सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को कार्रवाई जारी रखते हुए इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने वालों को तलाशना चाहिए।
इसी के साथ गांव से कुछ दूरी पर रत्नूचक में आर्मी टीए बटालियन का एक कैंप हुआ करता था जो पिछले करीब 6 महीने से खाली पड़ा है। वहां फिर से सेना की तैनाती की जानी चाहिए। इसके लिए वह कुछ महीने पहले पठानकोट में सेना के अधिकारियों से भी मिले थे।
मामले की जांच जारी है। इस संदर्भ में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। चौकी और उसके साथ लगते पुल पर पुलिस ने निगरानी पहले से और बढ़ा दी है। बारिश की वजह से सुबह तलाशी अभियान नहीं चलाया गया, लेकिन शाम को मौसम साफ हुआ तो फिर अभियान चलाया जाएगा। पंकज सूदन, बॉर्डर डीएसपी