जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया
- फोटो : Demo Pic.
घाटी में स्कूल की इमारतों को निशाना बनाए जाने और आग लगाने की घटनाओं पर जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि स्कूलों को बचाना सबकी जिम्मेदारी है। कोर्ट ने मंडलायुक्त कश्मीर व अन्य को नोटिस जारी कर हर हाल में स्कूलों की सुरक्षा का निर्देश दिया।
न्यायाधीश मोहम्मद याकूब मीर और न्यायाधीश अली मोहम्मद मागरे की खंडपीठ ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि स्कूलों की इमारतों को आग लगाने का काफी दुष्प्रभाव पड़ रहा है। शिक्षा और बुद्धिमता का विकास रोका जा रहा है। मंडलायुक्त कश्मीर, आईजीपी कश्मीर, स्कूल शिक्षा निदेशक कश्मीर को एक साथ मिलकर ऐसी रणनीति बनानी होगी जिससे स्कूली इमारतों को बचाया जा सके। उच्च एवं निचले स्तर के अधिकारियों से मिलकर प्रभावशाली रणनीति तैयार करने के तरीके पर सोच विचार करना चाहिए।
कोर्ट ने मुख्य सचिव, पुलिस महानिरीक्षक और स्कूल शिक्षा निदेशक को कहा कि वह सभी जिलों के जिलाधीश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दें कि स्कूल की इमारतों को बचाने के लिए प्रभावशाली कदम उठाएं।