शिक्षिका रजनी बाला के शिक्षक पति राजकुमार अत्री का तबादला जम्मू कर दिया गया है। दोनों पति-पत्नी कुलगाम जिले में ही तैनात थे। 31 मई को आतंकियों ने स्कूल में घुसकर रजनी बाला की हत्या कर दी थी।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कुलगाम में आतंकियों की गोली का शिकार हुईं शिक्षिका रजनी बाला के शिक्षक पति राजकुमार अत्री का तबादला जम्मू कर दिया गया है। दोनों पति-पत्नी कुलगाम जिले में ही तैनात थे। सरकार का कहना है कि सुरक्षा कारणों से तबादला आदेश जारी किया गया है।
विज्ञापन
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव बीके सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राजकुमार की तैनाती सांबा जिले में होगी। वहां तैनाती होने तक वह स्कूल शिक्षा निदेशालय में काम करेंगे। राजकुमार कुलगाम के बीएमएस मीरहामा में तैनात थे, जबकि पत्नी रजनी बाला गोपालपोरा में।
31 मई को आतंकियों ने स्कूल में घुसकर रजनी बाला की हत्या कर दी थी। रजनी की हत्या के बाद कश्मीर में तैनात जम्मू संभाग के आरक्षित संवर्ग के शिक्षक जम्मू चले आए थे। वे जम्मू में तैनाती के लिए लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि घाटी में माहौल सुरक्षित नहीं है। इस वजह से उनकी तैनाती जम्मू संभाग में की जाए।