केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में अप्रैल के अंत या मई के शुरू में वैश्विक निवेशक सम्मेलन करवाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अगले हफ्ते तक तिथि घोषित की जाएगी। सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस कड़ी में निवेशकों को लुभाने के लिए 21 फरवरी को मुंबई में रोड शो का आयोजन किया जा रहा है। इसमें निवेशकों के साथ कई एमओयू होने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर में 48 से अधिक निवेश योग्य परियोजनाओं और 14 फोकस क्षेत्रों को औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए शिनाख्त की गई है।
देश के प्रतिष्ठित हिस्सों में हो रहे रोड शो में जम्मू-कश्मीर के प्रशासनिक अधिकारी व्यस्त हैं। इसमें अधिक से अधिक निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्हें जम्मू-कश्मीर में निवेश के लिए बेहतर मौकों के बारे में बताया जा रहा है।
बड़े, मेगा और छोटे उद्योगों को आकर्षित करने के लिए 6000 एकड़ औद्योगिक और सेक्टर-विशिष्ट भूमि बैंक की पहचान की गई है। हाल ही में बेंगलुरू और कोलकाता में हुए रोड शो में 2847 करोड़ रुपये के निवेश पर 34 एमओयू करार किए गए थे। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त सचिव एमके द्विवेदी का कहना है कि सम्मेलन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। अभी तिथि फाइनल नहीं की गई है।