यारीपोरा में मई 2022 को मेन चौक पर पुलिस पार्टी को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका गया था। इसमें 13 लोग घायल हो गए। मामले को लेकर यारीपोरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सेना के साथ मिलकर कुलगाम में चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार कर यारीपोरा में ग्रेनेड फेंकने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस हमले में कई नागरिक घायल हो गए थे। गिरफ्तार आतंकवादी सहयोगियों से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि 24 मई 2022 को यारीपोरा के मेन चौक पर एक पुलिस पार्टी को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका गया था। हालांकि ग्रेनेड लक्ष्य से चूक गया और पास की भीड़ में जाकर फट गया, जिससे 13 लोग घायल हो गए। मामले को लेकर यारीपोरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कुलगाम पुलिस ने सेना (1आरआर) के साथ मिलकर हमले में शामिल चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान नासिर नबी डार, मोहम्मद अब्बास डार-दोनों निवासी गुंडचहल फ्रिसल,आकिब माजिद गनई निवासी बदरू, यारीपोरा और जाहिद अली भट निवासी कोकरगुंड यारीपोरा के रूप में हुई है।