देशभर में बढ़ रहे कोरोना मामलों के बावजूद अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह है। अमरनाथ यात्रा 2021 के लिए पिछले दो दिन में 5000 यात्रियों ने अग्रिम ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। इसके अलावा देशभर की विभिन्न बैंक शाखाओं में 21000 यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। अब तक इनकी संख्या 26000 हो चुकी है। पारंपरिक बालटाल और चंदनबाड़ी ट्रैक से यात्रा की तैयारियां की जा रही हैं।
पिछले साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी की सुबह और शाम की आरती का टीवी टैनलों पर सीधा प्रसारण देखने को मिलेगा। इसके लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने टेंडर कर दिए हैं। देशभर की विभिन्न बैंक शाखाओं के साथ ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। यात्रियों के रुझान के मुताबिक आगामी दिनों में दैनिक आधार पर दोनों यात्रा ट्रैक के लिए कोटे को निर्धारित किया जाएगा। फिलहाल पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर यात्रियों को दर्शनों के लिए तवज्जो दी जाएगी।
इसके लिए निर्धारित रूट और निर्धारित तिथि के मुताबिक यात्रियों को यात्रा के लिए अनुमति दी जाएगी। बैंक और ऑनलाइन पंजीकरण के लिए गत 15 मार्च से मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों द्वारा जारी अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (सीएचसी) को वैध माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर धरोहर: कैसे होगा मुबारक मंडी का जीर्णोंद्धार, 23 प्रोजेक्ट्स में सिर्फ पांच पर चल रहा काम
जाली सीएचसी की निगरानी
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए जाली सीएचसी की निगरानी की जा रही है। बोर्ड की वेबसाइट पर यात्रियों को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए पूरी जानकारी मुहैया करवाई गई है। हेलिकाप्टर से यात्रा करने वाले यात्रियों को अग्रिम यात्री परमिट की जरूरत नहीं है। लेकिन उन्हें अपने साथ असली सीएचसी लाना होगा।
इस बार 56 दिन की हो रही अमरनाथ यात्रा पर कोरोना का साया भी दिख रहा है। इस बार आधार शिविर भगवती नगर में भी यात्रियों की आवास क्षमता 3000 की बजाय 5000 करने की योजना है, इसके लिए अलग से जगह देखी जा रही है। बोर्ड को इस साल यात्रा में छह लाख यात्रियों के आने की उम्मीद है।