2014 के चुनाव में पार्टी ने दक्षिण कश्मीर की त्राल, पांपोर, पुलवामा, वाचि, शोपियां, नूराबाद, कुलगाम, होमशालीबुग, अनंतनाग, देवसर, डोरू, कोकरनाग, शांगस, बिजबिहाड़ा व पहलगाम में प्रत्याशी उतारे थे। पुलवामा की राजपोरा सीट पर पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ा था। दक्षिण कश्मीर की इन सभी सीटों पर उम्मीदवारों को 10 फीसदी से भी कम मत मिले थे। इसी प्रकार चिनाब वैली में किश्तवाड़, इंद्रवल, डोडा, भद्रवाह, रामबन व बनिहाल की सीट पर पार्टी ने चुनाव लड़ा था। इंद्रवल और बनिहाल से कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत मिली थी, जबकि अन्य चार विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा हुआ था।
चिनाब वैली की आठ में चार व दक्षिण कश्मीर में पांच सीटों पर नए चेहरे
चिनाब वैली की आठ सीटों में चार पर नए चेहरे लाए गए हैं। इनमें किश्तवाड़ से शगुन परिहार, डोडा से गजय सिंह राणा, रामबन से राकेश ठाकुर व बनिहाल से मो. सलीम भट हैं। इसी प्रकार कश्मीर की आठ सीटों में शोपियां से जाविद अहमद कादरी, अनंतनाग से मो. रफीक वानी व पहलगाम से लड़ चुके सोफी युसूफ को बिजबिहाड़ा से टिकट दिया गया है। अन्य सीटों पांपोर, राजपोरा, अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, शांगस व कोकरनाग से नए प्रत्याशी उतारे गए हैं।
डोडा-किश्तवाड़ जिले में बढ़ीं हैं एक-एक सीटें
परिसीमन के बाद डोडा व किश्तवाड़ जिले में एक-एक सीटें बढ़ाई गई हैं। किश्तवाड़ जिले में इंद्रवल व किश्तवाड़ के अलावा पाडर, डोडा में भद्रवाह व डोडा के अलावा डोडा पश्चिम की सीट बढ़ाई गई है। रामबन व बनिहाल को मिलाकर चिनाब वैली में आठ सीटें हो गई हैं। भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि चिनाब वैली में पार्टी के प्रदर्शन का सरकार गठन पर असर दिखेगा। इस वजह से अपने तीन पूर्व विधायकों पर भरोसा जताया गया है।
चिनाब वैली की सीटों पर 2014 में मिले मत
सीट प्रत्याशी मत प्रतिशत परिणाम
किश्तवाड़ सुनील शर्मा 45.37 जीते
इंद्रवल तारिक हुसैन कीन 27.42 हारे
डोडा शक्तिराज परिहार 36.63 जीते
भद्रवाह दिलीप सिंह 35.33 जीते
रामबन नीलम सिंह लंगेह 42.30 जीते
बनिहाल शौकत जाविद डैंग 17.12 हारे