बिजली चोरी रोकने के लिए कारपोरेशन ने काम शुरू कर दिया है। शहर में कवर वायर बिछाई जा रही है। इससे कुंडियां लगाकर बिजली चोरी नहीं की जा सकेगी। पुराने शहर के राजेंद्र बाजार, लखदाता बाजार, जैन बाजार, कच्ची छावनी समेत अन्य जगहों में काम चल रहा है।
बिजली निगम के अनुसार मार्च तक पुराने शहर और मई तक शहर में काम पूरा करने का लक्ष्य है। रेशमघर कॉलोनी, कृष्णा नगर, भगवती नगर में भी काम शुरू हो गया है। प्रोजेक्ट के तहत पूरे शहर को कवर किया जाना है। मौजूदा समय में बिजली चोरी के कारण निगम का घाटा हर माह बढ़ता जा रहा है। हर माह जम्मू जिले में छह करोड़ रुपये की बिजली खर्च होती है, लेकिन इसका राजस्व नहीं आता।
निगम के सर्वे के अनुसार लोगों ने मेन लाइनों से अवैध कनेक्शन लिए हैं। इस कारण बिजली की खपत हो रही है। अब बिजली चोरी रोकने के लिए कवर वायर लाइन बिछाने पर काम चल रहा है। मौजूदा समय में शहर में दो कंपनियों के माध्यम से काम करवाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- रनवे विस्तारीकरण के लिए मार्च में 15 दिनों तक जम्मू एयरपोर्ट बंद रखने पर नहीं मिल पा रही सहमति
कवर वायर लाइन बिछाने पर काम तेजी से चल रहा है। पूरे शहर को मई के अंत तक कवर किया जाएगा। इससे बिजली चोरी काफी हद तक कम हो जाएगी। स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट से भी बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जाएगा।
- पीडी सिंह, एक्सईएन, बिजली निगम