जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान गश्त कर रहे हैं। इससे जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि जवान सीमांत क्षेत्र में पहाड़ों पर बर्फ की मोटी परत के बीच पूरे जोश के साथ पेट्रोलिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है। कड़ाके की ठंड में भी नियंत्रण रेखा पर दुश्मन की घुसपैठ का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सीमा सुरक्षा बल लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं। सर्द हवाओं के बीच भी जवानों के हौसले बुलंद हैं।
कश्मीर घाटी में ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त है। कई जिलों में पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चल रहा है। बर्फबारी से कई गांव मुख्य सड़कों से कट गए हैं। इस परेशानी के चलते लोग पलायन को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे ही हालात प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग में स्थित कुछ गांवों में दिख रहे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित नीलग्रथ, शुटकड़ी और सरबल गांव हैं। पानी के स्त्रोत जम गए हैं।
राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 6.4 डिग्री रहा, जो पिछले पांच साल में दूसरी सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले 31 जनवरी 2021 को माइनस 8.8, 24 जनवरी 2020 को माइनस 6.1 और 14 जनवरी 2017 को पारा माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
श्रीनगर में जनवरी में ऑल टाइम न्यूनतम तापमान 31 जनवरी 1893 को माइनस 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं, जम्मू में भी बीती रात के न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस ने पिछले दो साल का रिकार्ड तोड़ा है। इससे पहले 28 जनवरी 2022 को 4.7 और 1 जनवरी 2021 को 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।