जम्मू-कश्मीर के स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पिछले वर्ष हुई पेपर लीक की घटना से सबक लेते हुए इस बार पुख्ता व्यवस्था की है। प्रश्न पत्रों को न सिर्फ इन्हें कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा बल्कि परीक्षा के दिन ही सुबह परीक्षा अधीक्षक को सौंपा जाएगा।
10वीं, 11वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं इस माह के अंतिम सप्ताह से शुरू होंगी। बीते वर्ष फिजिकल एजूकेशन का प्रश्न पत्र परीक्षा से एक दिन पहले लीक हो गया था और परीक्षा को रद्द करना पड़ा था।
इस बार प्रश्नपत्र सीधे पुलिस स्टेशन भेजे जाएंगे। पुलिस स्टेशन से परीक्षा वाले दिन सुबह ही परीक्षा अधीक्षक प्रश्नपत्र ले सकेंगे। प्रश्नपत्रों के लिफाफे परीक्षा हाल में परीक्षा अधीक्षक, प्रिंसिपल और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में खुलेंगे और पिर छात्रों को दिए जाएंगे।
"प्रश्नपत्र परीक्षा वाले दिन ही सुबह परीक्षा अधीक्षकों को पुलिस स्टेशन से लेने होंगे। परीक्षा हाल में ही प्रिंसिपल, पुलिस की मौजूदगी में प्रश्नपत्रों के लिफाफे खोले जाएंगे। पेपर लीक न होने की व्यवस्था कर ली गई है।"- वीना पंडिता, चेयरमैन, स्कूल शिक्षा बोर्ड