भाजपा संविधान के निर्माता डाॅ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान को लेकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से आगामी 11 से 25 जनवरी तक पूरे केंद्र शासित प्रदेश में संविधान गौरव अभियान के तहत कार्यक्रमों की एक शृंखला आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में डॉ. आंबेडकर की भूमिका पर चर्चा करने के साथ समाज के उत्थान के लिए दिए उनके योगदान को याद किया जाएगा।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य (एनईएम) प्रिया सेठी ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में जम्मू दक्षिण जिले के पार्टी नेताओं के साथ संविधान गौरव अभियान की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि उसने अपने 55 साल के शासन के दौरान डॉ. आंबेडकर की विरासत को दरकिनार किया। कांग्रेस ने अपने चहेते नेताओं को भारत रत्न से सम्मानित किया और उनके स्मारक बनवाए, उसने जानबूझकर बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर को उनके उचित सम्मान से वंचित रखा।
डॉ. आंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करके उन्हें सम्मानित करने की मोदी सरकार ने सराहनीय पहल की।आगामी गतिविधियों की रूपरेखा में स्थानीय विधायकों, जिला टीमों और एससी मोर्चा के नेताओं की भागीदारी वाली निर्वाचन क्षेत्र स्तर की सार्वजनिक बैठकें शामिल हैं। इनमें राज्य के नेता मुख्य वक्ता के रूप में काम करेंगे।
जम्मू में एससी मोर्चा द्वारा हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान, नारे के तहत एक भव्य सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी। युवा मोर्चा की अगुवाई में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और एससी छात्रावासों में हमारा संविधान, हमारा गौरव विषय पर वाद-विवाद, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता जैसी शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सोशल मीडिया टीमें ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता और क्विज़ आयोजित करेंगी, जबकि जिला टीमें प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में न्यूनतम दो और अधिकतम दस स्कूलों में क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित करेंगी। 25 जनवरी को सभी मंडलों में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक प्रस्तावना और निर्देशक सिद्धांतों का पाठ करने के लिए एकत्र होंगे, उसके बाद उनके महत्व पर एक संक्षिप्त बातचीत होगी। इस दौरान अयोध्या गुप्ता, रेखा महाजन, नेहा महाजन, राकेश संग्राम, अमित शर्मा मौजूद रहे।