जम्मू कश्मीर में 25 जून से मतदाता सूचियों के विशेष सारांश संशोधन के लिए गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इन्हें 24 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। 25 जुलाई से 9 अगस्त तक आपत्तियां और दावे दर्ज किए जाएंगे। 19 अगस्त तक इनका निपटारा कर दिया जाएगा।
भारत चुनाव आयोग (ईसीआई) ने जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए 20 अगस्त तक मतदाता सूचियों के दूसरे विशेष सारांश संशोधन की प्रक्रिया पूरी करने सहित सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है। ईसीआई की निदेशक शुभ्रा सक्सेना ने वीरवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके पोले, सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों से बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।
विज्ञापन
वर्चुअल मोड से दो घंटे चली इस बैठक में जम्मू-कश्मीर में चुनाव संबंधी तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि 25 जून से मतदाता सूचियों के विशेष सारांश संशोधन के लिए गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इन्हें 24 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। 25 जुलाई से 9 अगस्त तक आपत्तियां और दावे दर्ज किए जाएंगे। 19 अगस्त तक इनका निपटारा कर दिया जाएगा।
20 अगस्त तक अंतिम मतदाता सूची जारी करना प्रस्तावित है। इसके साथ मतदान केंद्रों की सीमाएं तय करने और इनके विस्तार पर काम होगा। लोकसभा चुनाव की तुलना में विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्र बढ़ेंगे। घर घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए 27, 28 जुलाई और 3 व 4 अगस्त को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
विज्ञापन
एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि 12 जुलाई को ईसीआई के सचिव स्तर के अधिकारी ईआरओ के साथ बैठक करेंगे। इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर श्रीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव करवाने और राज्य का दर्जा देने की घोषणा की थी। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जम्मू कश्मीर का दौरा कर चुके हैं।