कठुआ जिले के दूरदराज मछेडी इलाके में बैरक की दीवार गिरने से सेना के एक सूबेदार और एक नायक की मौत हो गई, जबकि हवलदार रैंक का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को उपजिला अस्पताल बिलावर में प्राथमिक उपचार के बाद सैन्य अस्पताल पठानकोट रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम साढे़ छह बजे के करीब मछेडी में सेना के जवान बैरक पर काम कर रहे थे। इसी बीच बैरक की एक दीवार गिर गई। हादसे में तीन सैन्यकर्मी दीवार के नीचे आ गए, जिन्हें अन्य जवानों की मदद से निकाला गया।
प्राथमिक उपचार के लिए तीनों को उपजिला अस्पताल बिलावर में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत लाया घोषित कर दिया। वहीं तीसरे को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
मृतकों की पहचान हरियाणा निवासी सूबेदार एसएन सिंह और नायक प्रवीण कुमार निवासी विजयपुर सांबा के रूप में हुई है। हादसे में हवलदार मंगल सिंह घायल हुए हैं, जिन्हें सैन्य अस्पताल पठानकोट रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।