कोविड की तीसरी लहर के थमने पर कश्मीर का जिला पुलवामा पहला कोविड मुक्त जिला बना है। इस जिले में वर्तमान में कोई संक्रमित मामला नहीं है। जिले में तीन लहरों में 18416 लोग संक्रमित हुए और 201 को जान गंवानी पड़ी। इसके साथ आठ अन्य जिलों में रियासी, किश्तवाड़, राजोरी, उधमपुर, शोपियां, गांदरबल, बांदीपोरा और अनंतनाग भी कोविड मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इन जिलों प्रत्येक में दस से कम संक्रमित मामले हैं। इस बीच प्रदेश में 55 नए संक्रमित मामले मिले। जिसमें जम्मू संभाग से 29 मामले हैं। जिला जम्मू में 23, श्रीनगर में 17 संक्रमित मामले मिले हैं। जिला रामबन, किश्तवाड़, डोडा, राजोरी, शोपियां, कुलगाम, गांदरबल, अनंतनाग, पुलवामा और बडगाम में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है।
प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 614 पहुंच गए हैं। जम्मू कश्मीर में चौबीस घंटे में 44160 कोविड परीक्षण किए गए। लेकिन संक्रमित मामलों में लगातार गिरावट आ रही है।इस बीच प्रदेश में 123 संक्रमित मरीज रिकवर हुए हैं। आगामी दिनों में कोविड संक्रमित मामलों में और गिरावट आ सकती है।
इससे सामान्य गतिविधियों में तेजी आएगी। जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कोविड की तीसरी लहर के धीमा पड़ने के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है।