जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को 12 नए मामले सामने आए है। इनमें एक मामला कश्मीर से है जबकि 11 अन्य मामले जम्मू से हैं। इसी के साथ प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 380 हो गई है। इसमें जम्मी संभाग के 56 और कश्मीर के 324 मामले शामिल हैं।
घाटी में पहला डॉक्टर संक्रमित, पुलवामा के एक ही गांव में आठ पॉजिटिव
जम्मू-कश्मीर में कोरोना मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को कोरोना से घाटी में पहला डॉक्टर संक्रमित हुआ। कुल 10 मरीज शोपियां जिले में पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक ही गांव से आठ मरीज हैं। इस गांव में अब तक 20 संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश में अब तक 380 लोग कोरोना संक्रमण से पाजिटिव हो चुके हैं, जिसमें 294 सक्रिय मामले हैं। इनमें 300 से अधिक मामले कश्मीर संभाग से हैं।
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पॉजिटिव मामले 30 हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जिले में सोमवार तक 22 मामले थे, इनमें से दो को स्वस्थ पाए जाने पर घर भेज दिया गया। मंगलवार को सामने आए 8 मामलों के साथ यह गांव जिले का सबसे ज़्यादा संक्रमित मरीजों वाला गांव बन गया है। जिले में बड़े स्तर पर कांटेक्ट ट्रेसिंग जारी है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से भी सख्ती से निपटा जा रहा है।