चिकित्सा कर्मचारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स के बाद सोमवार को देशव्यापी दूसरे चरण के तहत जम्मू-कश्मीर में भी वैक्सीनेशन शुरू की गई। वरिष्ठ नागरिकों (60 आयु से ऊपर) और 45-59 आयु वर्ग (बीमार लोगों) के लाभार्थियों के लिए कोविड वैक्सीन अभियान के पहले दिन प्रदेश में 1100 से अधिक लाभार्थियों को पहली डोज दी गई। अभियान में 15 लाख उम्रदराज लोगों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 34 निजी संस्थानों सहित 2034 वैक्सीन केंद्र काम करेंगे।
जम्मू संभाग में पहले दिन सरकारी चिकित्सा संस्थानों में 604 नागरिकों को वैक्सीन दी गई, इसमें 596 वरिष्ठ नागरिक और 8 लोग बीमारियों से ग्रस्त श्रेणी वाले थे। कई निजी चिकित्सा संस्थानों में भी वैक्सीन देनी शुरू की गई है, लेकिन अधिकांश में अभी उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। निजी संस्थानों में प्रति डोज के लिए 250 रुपये की दर तय की गई है। जिला जम्मू में 451 वरिष्ठ नागरिकों और बीमारियों से ग्रस्त लोगों को कोविड वैक्सीन दी गई।
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्त आयुक्त अटल डुल्लू ने बताया कि पहले दिन 1100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को कोविड वैक्सीन दी गई है। इसमें चरणबद्ध तरीके से वैक्सीन केंद्रों का दायरा बढ़ाकर 2000 तक किया जाएगा। पहले दिन कहीं से कोई रिएक्शन की सूचना नहीं है।
3.81 लाख लाभार्थियों का टीकाकरण
जम्मू-कश्मीर में अब तक 3 लाख 81 हजार 200 लोगों का कोविड टीकाकरण हो चुका है। इसमें 70 फीसदी चिकित्सा कर्मी और 57 फीसदी फ्रंट लाइन वर्कर्स कवर कर लिए गए हैं। मुख्य सचिव बीवी सुब्रमण्यम ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला उपायुक्तों को कोविड संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए परीक्षण और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया है। इसके साथ टीकाकरण अभियान में तेजी लाई जाए।
यह भी पढ़ें- जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद का पुतला जलाकर किया रोष व्यक्त
जम्मू संभाग के मान्यता प्राप्त निजी संस्थान
आयुष्मान योजना के तहत मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों और अन्य दूसरे लोगों को कोविड वैक्सीन दी जाएगी। इसमें जिला जम्मू में कमल नायन विजिन सेंटर, जम्मू सिटी अनकोलाजी क्लीनिक, सचदेवा नेत्रालय, त्रिवेनी नर्सिंग होम, केडी आई क्लीनिक, आचार्य श्री चंद्र कॉलेज आफ अस्पताल, नेशनल अस्पताल और सूदन हार्ट केयर सेंटर शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी जम्मू डॉ. जेपी सिंह के अनुसार निर्धारित निजी चिकित्सा संस्थानों में कोल्ड चैन प्वाइंट विकसित करने पर काम किया जा रहा है। आगामी दिनों में निजी संस्थानों में डोज मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा संभाग के कठुआ में गुप्ता अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर, रियासी में श्री माता वैष्णो देवी नारायणा, सांबा में सेंट जोसफ कम्युनिटी अस्पताल, श्री ओम मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, उधमपुर में केएलएसएम रोटेरी आई एंड ईएनटी अस्पताल शामिल हैं।