बटोत-अनंतनाग नेशनल हाईवे 244 के सिंथनटॉप में भारी बर्फबारी में फंसे दस लोगों को सेना, पुलिस और एनएचआईडीसीएल (नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड) ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाल लिया। बचाए गए लोगों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। यह लोग कश्मीर से दो वाहनों में किश्तवाड़ के लिए निकले थे। सुरक्षित निकालने के बाद उन्हें आलू फार्म सिंथन पहुंचाकर घर भेज दिया गया।
एसडीएम छात्रू इंद्रजीत सिंह परिहार ने बताया कि रविवार देर रात सिंथनटॉप से मोबाइल पर बर्फबारी में 10 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। लोगों ने बताया कि दो वाहनों क्रूजर (जेके 17-3460) और सेब से भरे टाटा मोबाइल वाहन (जेके06ए-5359) में दस लोग सवार हैं। वे कश्मीर से छात्रू कुछाल (किश्तवाड़) और डोडा के लिए निकले थे। मगर सिंथनटॉप में पहुंचते ही भारी बर्फबारी में फंस गए हैं।
इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आलू फार्म सिंथन के पास तैनात सेना, पुलिस को लेकर बचाव अभियान शुरू किया। साथ में छात्रू से एनएचआईडीएसएल के जेसीबी ऑपरेटर कोसर अहमद को भी साथ लिया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें आलू फार्म पहुंचाया और बाद में उन्हें गंतव्य की ओर रवाना कर दिया।